ध्वजा रोहण स्वतंत्रता दिवस पर सीएम रायपुर में, तोखन साहू बस्तर में फहराएंगे तिरंगा
भास्कर दूत रायपुर, 11 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को प्रदेशभर में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर में तिरंगा फहराएंगे, जबकि केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू बस्तर में झंडा फहराएंगे। वहीं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव में ध्वजारोहण करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि आज़ादी के लिए हुए लंबे संघर्ष, बलिदान और देश की एकता का प्रतीक है। 15 अगस्त 1947 को मिली आज़ादी हमें हर साल यह याद दिलाती है कि स्वतंत्रता की रक्षा करना और उसका सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसी के मद्देनजर राज्य शासन द्वारा 15 अगस्त पर प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और मुख्यमंत्री के संदेश वाचन की जानकारी दी गई है। शासन के निर्देशानुसार उप मुख्यमंत्री अरूण साव बिलासपुर में, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा दुर्ग में, मंत्री राम विचार नेताम सरगुजा में, दयालदास बघेल गरियाबंद में, मंत्री केदार कश्यप बलोद में , मंत्री लखन लाल देवांगन कोरबा में तथा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल जशपुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

