विश्वशांति के लिए जैन बड़ा मंदिर में पार्श्वनाथ भगवान का रजत कलशों से अभिषेक
विश्वशांति के लिए जैन बड़ा मंदिर में पार्श्वनाथ भगवान का रजत कलशों से अभिषेक
- श्रावण शुक्ल तृतीया पर श्रद्धालुओं ने की शांति धारा, संगीतमय आरती में डूबा वातावरण
रायपुर @ श्री आदिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर (लघु तीर्थ) में रविवार को श्रावण शुक्ल तृतीया के पावन अवसर पर 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ का रजत कलशों से भव्य अभिषेक और शांति धारा की गई। यह आयोजन संपूर्ण विश्व में सुख, शांति और समृद्धि की कामना को लेकर किया गया। सुबह 8 बजे कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाष्टक पाठ से हुई, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने पारंपरिक धोती-दुपट्टा पहनकर भाग लिया। शुद्ध प्रासुक जल को मंत्रोच्चार से शुद्ध कर 4 रजत कलशों की स्थापना की गई। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं ने समता भाव से भगवान पार्श्वनाथ का अभिषेक किया। अभिषेक के बाद विश्वशांति के उद्देश्य से चमत्कारिक शांति धारा संपन्न हुई, जिसका सौभाग्य आदेश जैन को प्राप्त हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर भक्ति और शांति की भावना से सराबोर हो गया। शांति धारा के पश्चात सभी श्रद्धालुओं ने भगवान की संगीतमय मंगल आरती में भाग लिया। इसके बाद अष्ट द्रव्यों से भगवान का पारंपरिक पूजन किया गया और अभिषेक पाठ के साथ पूजन का विधिवत विसर्जन किया गया। इस आयोजन में प्रमुख रूप से संजय जैन (सतना), प्रवीण जैन (मामाजी), आदेश जैन, प्रणीत जैन, श्रद्धेय जैन, दिलीप जैन, अमित जैन, रासु जैन, समित जैन, राज जैन, कृष जैन आदि श्रद्धालु उपस्थित रहे।

