नशे के सौदागरों का नया हथियार – महिलाएं बनीं 'पर्दा'
रायपुर में हेरोइन नेटवर्क का खौफनाक खुलासा
तस्करों की ढाल बनीं महिलाएं, करोड़ों का खेल उजागर
दिनेश यदु
भास्कर दूत
रायपुर। राजधानी में नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। पुलिस ने रविवार को जिस हेरोइन (चिट्टा) सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया, उसने एक नया और पहलू सामने ला दिया है। अब इस धंधे में महिलाएं भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। तस्करों ने पुलिस की जांच से बचने के लिए महिलाओं को पेडलर बनाकर इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है।
वीडियो कॉल पर डील – लोकेशन से डिलीवरी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार महिला हरप्रीत कौर उर्फ हैप्पी वीडियो कॉल और लोकेशन शेयरिंग के जरिए सौदे करती थी। उसके पास से 9.5 ग्राम हेरोइन, एक स्कूटी और मोबाइल जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद माल की कीमत करीब 2 लाख रुपए है।
कबीर नगर नेटवर्क और करोड़ों की बरामदगी
यह मामला थाना कबीर नगर से जुड़ा है। इसी प्रकरण में पुलिस पहले ही 5 आरोपियों (2 महिलाएं शामिल) को गिरफ्तार कर चुकी है। उस वक्त 273.19 ग्राम हेरोइन, एक बाइक और 5 मोबाइल फोन जब्त किए गए थे, जिनकी कीमत 57 लाख रुपए आंकी गई। अब तक कुल 35 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और पुलिस ने करीब 1.58 करोड़ रुपए मूल्य की हेरोइन बरामद की है।
तस्करों की नई चाल – महिलाएं बनीं ‘सेफ कवर’
पुलिस के अनुसार तस्कर जानबूझकर महिलाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। वजह साफ है – सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की जांच करना कठिन होता है। इस कारण वे पुलिस की नजर में आए बिना धंधा चला पाते हैं। यही वजह है कि नेटवर्क में महिलाओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
फरार पिंदर और पुलिस का अल्टीमेटम
हरप्रीत कौर फरार आरोपी रूपिंदर उर्फ पिंदर के साथ मिलकर काम कर रही थी। दोनों मिलकर पैसे और माल का लेन-देन करते थे। आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट कहा कि नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। महिलाएं हों या पुरुष, नेटवर्क का हिस्सा बने हर शख्स पर शिकंजा कसा जाएगा।"

