गांधी परिवार की यात्राओं में कांग्रेसियों की अनिवार्य हाजिरी : भाजपा

Aug 19, 2025 - 17:42
 0
गांधी परिवार की यात्राओं में कांग्रेसियों की अनिवार्य हाजिरी : भाजपा
यह समाचार सुनें
0:00
Powered by Aeternik

इंडी गठबंधन को बताया अवसरवादी समझौता, कांग्रेस पर लगाया छत्तीसगढ़ को अशांत करने का आरोप

रायपुर। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पांडेय ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार की किसी भी यात्रा में कांग्रेसियों का शामिल होना अनिवार्य माना जाता है, वरना उनकी सक्रियता पर ही सवाल खड़े हो जाते हैं।

पांडेय ने आरोप लगाया कि जो लोग देश को अपने स्वार्थ के लिए तोड़कर सत्ता में आए, वही आज यात्रा और त्याग की बातें करते हैं। उन्होंने कहा कि पटना में आयोजित इंडी गठबंधन की बैठक महज़ एक औपचारिक और अवसरवादी समझौता है, जहां नेता अपने हित साधने के लिए समय-समय पर वैचारिक मतभेद भुलाकर एक मंच पर आने का प्रयास करते हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस "वोट चोरी" का झूठा नैरेटिव चलाकर प्रदेश को भ्रमित और अशांत करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जनता कांग्रेस के दोहरे चेहरे को पहचान चुकी है। सत्ता की खातिर बनाए गए ऐसे गठबंधन देश और प्रदेश दोनों के लिए घातक हैं।

पांडेय ने यह भी कहा कि संसद में फ्लेक्स लेकर कांग्रेस नेताओं का आचरण बताता है कि सत्ता की लालसा में वे किस हद तक परेशान हैं। राहुल गांधी की बिहार रैली में भूपेश बघेल की मौजूदगी का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस उसी नैरेटिव को छत्तीसगढ़ में थोपने की कोशिश कर रही है।

निर्वाचन आयोग को लेकर कांग्रेस की आपत्तियों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आयोग की वैधानिकता पर सवाल खड़ा करना लोकतंत्र और संविधान पर हमला है। भारत का निर्वाचन आयोग 1951-52 से अपनी विश्वसनीयता बनाए हुए है और लाखों कर्मचारियों की मेहनत से चुनाव प्रक्रिया संचालित करता है। आयोग को सत्ता से जोड़ना न केवल कुण्ठा का विषय है बल्कि लोकतंत्र के लिए भी गंभीर खतरा है।

पांडेय ने कहा कि इस तरह के झूठे नैरेटिव और अराजकता फैलाने की कोशिशों से जनता को सजग रहना होगा। भाजपा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए हमेशा खड़ी रहेगी।

Bhaskardoot Digital Desk www.bhaskardoot.com