कांग्रेस की ‘भ्रम फैलाओ टोली’ पर भाजपा का वार
रायपुर @ निर्वाचन आयोग को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा ने कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह केवल जनता को गुमराह करने में लगी है। डॉ. मिश्रा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को सीधा निशाना बनाते हुए कहा कि उन्हें पहले अपने उस पदाधिकारी से पूछना चाहिए जो निर्वाचन आयोग से जुड़े काम-काज देखते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग के दस्तावेजों पर खुद कांग्रेस पदाधिकारी के हस्ताक्षर मौजूद हैं। ऐसे में कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवाल केवल राजनीतिक भ्रम फैलाने की कोशिश है। भाजपा प्रवक्ता ने तीखे अंदाज में कहा कि कांग्रेस अब "भ्रम फैलाओ टोली" चला रही है, जो बिना तथ्य के आरोप गढ़ रही है। उनका कहना है कि जब कार्यकर्ता ही दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर चुका है, तो कांग्रेस नेतृत्व को जनता को गुमराह करने के बजाय अपने ही संगठन के भीतर सवाल उठाना चाहिए।

