CM विष्णुदेव साय की सौगात: ईब नदी पर बनेगा 9.18 करोड़ का पुल, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के फरसाबहार क्षेत्र में ईब नदी पर 9.18 करोड़ रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल निर्माण की मंजूरी दी है। यह पुल स्थानीय गांवों के साथ-साथ ओडिशा और झारखंड से भी कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा।

Sep 17, 2025 - 16:29
Sep 17, 2025 - 17:19
 0
CM विष्णुदेव साय की सौगात: ईब नदी पर बनेगा 9.18 करोड़ का पुल, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी.
यह समाचार सुनें
0:00
Powered by Aeternik

जशपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के फरसाबहार क्षेत्र को एक बड़ी सौगात दी है। अब ईब नदी पर 9.18 करोड़ रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा, जिसकी लंबे समय से क्षेत्र के लोग मांग कर रहे थे। इस परियोजना को प्रशासकीय मंजूरी मिल गई है और निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

आवागमन होगा सुगम, गाँवों की दूरी घटेगी

यह पुल धौरासांड से दाईजबहार मार्ग पर बनेगा और इससे आसपास के गांव जैसे बरकशपाली, साजबहार, बामहनमारा, तपकरा, खुटगांव, हेटघिंचा आदि को बड़ी राहत मिलेगी। इन क्षेत्रों के लोग अब बिना लंबा चक्कर लगाए सीधे आवागमन कर सकेंगे, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।

क्षेत्रीय संपर्क को मिलेगा बढ़ावा

ईब नदी पर बनने वाला यह पुल केवल स्थानीय नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से भी अहम है। यह मार्ग छत्तीसगढ़ को ओडिशा और झारखंड से सीधे जोड़ने वाला संपर्क बिंदु बनेगा, जिससे व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों में इजाफा होगा।

ग्रामीणों ने जताया आभार

फरसाबहार क्षेत्र के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि यह पुल उनके लिए सिर्फ एक निर्माण नहीं, बल्कि एक नई जीवन रेखा साबित होगा। इससे क्षेत्र का संपूर्ण विकास संभव होगा और वर्षों से लंबित सपना साकार होगा।