यूपी टी 20 : रिंकू सिंह का भौकाल, भुवनेश्वर कुमार को भी नहीं बख्शा
200+ के स्ट्राइक रेट से जड़ा अर्धशतक
लखनऊ।
यूपी टी20 लीग में मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का जलवा दिखाया।
भारतीय टीम के 'फिनिशर' माने जाने वाले रिंकू ने लखनऊ फाल्कंस के खिलाफ केवल 27 गेंदों में 57 रनों की आतिशी पारी खेली।
इस दौरान उनके बल्ले से 3 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी ये पारी टीम को 93 रन से मैच जीतने में बेहद काम आई।
रिंकू सिंह ने ठोका अर्धशतक
दरअसल, यूपी टी 20 लीग के 20वें मैच में मेरठ मावेरिक्स की टीम ने मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज स्वस्तिक चिकार ने शानदार शुरुआत की और उनके बल्ले से 55 रन निकले। हालांकि, ओपनर अक्षय दुबे महज 2 रन बनाकर चलते बने। ऋतुराज ने भी टीम की पारी को संभालने की जिम्मेदारी उठाई।
वहीं, रिंकू पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे, जब टीम मुश्किल स्थिति में 73 रन पर 3 विकेट गंवा चुकी थी। ऐसे समय उन्होंने ऋतुराज शर्मा के साथ मिलकर 94 रनों की साझेदारी कर मैच का रुख बदल दिया।
रिंकू का स्ट्राइक रेट 211.11 रहा और वह 18वें ओवर में आउट हुए, लेकिन तब तक मेरठ मावेरिक्स ने मजबूत स्कोर की नींव रख दी थी। उन्होंने भुवनेश्वर कुमार को भी नहीं बख्शा और उनके एक ओवर में 3 चौके और कुल मिलाकर 15 रन बटोरे।

