33वीं राष्ट्रीय कराते प्रतियोगिता में  मध्यप्रदेश ने मारी बाजी  

Aug 20, 2025 - 16:28
 0
33वीं राष्ट्रीय कराते प्रतियोगिता में  मध्यप्रदेश ने मारी बाजी   
यह समाचार सुनें
0:00
Powered by Aeternik

खिलाड़ियों का जुनून: 500 से ज्यादा युवा दिखाए दम

मेज़बान छत्तीसगढ़ की टीम ने 7 स्वर्ण, 7 रजत और 25 कांस्य पदक जीता 

रायपुर@ राजधानी के  अग्रसेन धाम में 17 से 19 अगस्त तक आयोजित 33वीं राष्ट्रीय कराते प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ियों ने अपने कौशल और मेहनत का बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण और समापन समारोह 19 अगस्त को आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि पवन साय, संगठन महामंत्री भाजपा  और संजय श्रीवास्तव, अध्यक्ष खाद नागरिक आपूर्ति निगम ने हिस्सा लिया।

खिलाड़ियों की मेहनत और उत्साह की कहानी

छत्तीसगढ़ कराते संघ के सचिव अजय साहू ने बताया कि प्रतियोगिता में पूरे भारत के 20 राज्यों से 500 से अधिक खिलाड़ी शामिल हुए। ‘काता’ और ‘फाईट’ दोनों इवेंट में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। कुछ खिलाड़ियों ने अपने संघर्ष और कठिन प्रशिक्षण के अनुभव साझा किए। उनका कहना था कि यह प्रतियोगिता उनके जीवन में आत्मविश्वास और नई ऊर्जा लेकर आई।

पदक तालिका में मध्यप्रदेश ने मारी बाजी

ऑल ओवर चैंपियन का खिताब मध्यप्रदेश टीम को मिला। पदक तालिका में मध्यप्रदेश ने 27 स्वर्ण, 27 रजत और 39 कांस्य पदक हासिल किए। उत्तर प्रदेश ने 12 स्वर्ण, 6 रजत और 13 कांस्य पदक, जबकि दिल्ली ने 8 स्वर्ण, 8 रजत और 6 कांस्य पदक अर्जित किए। मेज़बान छत्तीसगढ़ की टीम ने 7 स्वर्ण, 7 रजत और 25 कांस्य पदक जीतकर सम्मानजनक प्रदर्शन किया।

आयोजकों और निर्णायकों को सम्मान

सम्मान समारोह में अखिल भारतीय कराते महासंघ के अध्यक्ष रामेश्वर सिंहान, उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, सचिव रजनीश कुमार, छत्तीसगढ़ कराते संघ अध्यक्ष विजय अग्रवाल, सचिव अजय साहू और कोषाध्यक्ष कमलेश देसाई उपस्थित थे। उन्होंने निर्णायकों और आयोजकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

युवा खिलाड़ियों का उत्साह और प्रेरणा

अंतिम इवेंट में खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि द्वारा पदक देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता ने युवाओं को न केवल खेल में दक्षता दिखाने का अवसर दिया, बल्कि उन्हें कठिनाइयों का सामना करने और आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी। आयोजकों ने कहा कि ऐसे इवेंट्स कराते जैसे खेल को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं में आत्मविश्वास और अनुशासन पैदा करते हैं।

Bhaskardoot Digital Desk www.bhaskardoot.com