महाराष्ट्र के दो आरोपी गिरफ्तार, आधा दर्जन फ्लैटों में चोरी का खुलासा
अंबिकापुर से पकड़े गए अंतर्राज्यीय चोर, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी से हुई गिरफ्तारी
रायपुर @ राजधानी में आधा दर्जन फ्लैटों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो अंतर्राज्यीय चोरों को पुलिस ने अंबिकापुर से गिरफ्तार कर लिया है। इनसे 6 लाख 20 हजार रुपए के जेवरात, घड़ियां और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद चोरी की अन्य घटनाओं की भी जांच शुरू कर दी गई है। एसएसपी डॉ. लाल उमेंद सिंह ने बताया कि आरोपी विशेष रूप से फ्लैटों को निशाना बनाते थे। ये फ्लैट आमतौर पर सुनसान रहते थे, और आरोपी दिन में रेकी कर रात के समय ताले तोड़कर अंदर घुसते थे। चोरी के बाद वे फरार हो जाते थे। ये घटनाएं आमानाका, कबीर नगर और न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में सामने आई थीं।
तीन प्रमुख घटनाएं
पगाटिका कलवा वेकेंटश्वरलु के आमानाका स्थित फ्लैट में 3 अगस्त को चोरी हुई, जब वह परिवार सहित भिलाई गया था। लोकनाथ देवांगन के कबीर नगर स्थित रॉयल रेजिडेंसी फ्लैट में रात के समय ताले तोड़कर आलमारी से सोना, चांदी और नगदी ले जाई गई। भावना यदु के न्यू राजेन्द्र नगर स्थित हिमालन हाइट्स फ्लैट में चोरी हुई। साथ ही, उसी कॉलोनी में अनिश कुमार के फ्लैट में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने महाराष्ट्र के विनोद सन्नी गौर और रेयान उर्फ अमन फैय्याज शेख को अंबिकापुर से गिरफ्तार किया। इनसे 36 ग्राम सोने के जेवरात, 843 ग्राम चांदी के जेवरात, 9 घड़ियां, 1 आईफोन और 3 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस को आरोपियों के खिलाफ और भी चोरी की शिकायतें मिली हैं, जिनमें अलग-अलग थानों में प्रकरण दर्ज किए जाएंगे। शहर में ऐसी वारदातों पर रोक के लिए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है और बाहरी गिरोहों पर नजर रखी जा रही है।

