भाजपा सैन्य प्रकोष्ठ ने सीमा पर तैनात जवानों को भेजी राखियां
- सिपाही रक्षासूत्र’ अभियान के तहत राखियां राजधानी रायपुर से दिल्ली तक पहुंचेगी
- देश की बेटियों का स्नेह जवानों के नाम
रायपुर@ भाजपा सैन्य प्रकोष्ठ द्वारा देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के लिए ‘सिपाही रक्षासूत्र’ अभियान की शुरुआत हुई। इस खास यात्रा के माध्यम से रक्षा बंधन के अवसर पर जवानों को रक्षा सूत्र और राखियां भेजी जा रही हैं, जो दिल्ली तक पहुंचेंगी। मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए जो जवान सीमा पर अपनी जान जोखिम में डालते हैं, वे पूरे देश के प्यार के हकदार हैं। देश की बेटियां अपने भाइयों की तरह इन जवानों को राखी भेज रही हैं, जो इस दायित्व को पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं।
प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने बताया कि ‘सिपाही रक्षासूत्र’ अभियान के तहत मिट्टी से तिलक और रक्षा सूत्र के साथ एक पत्र भी भेजा जा रहा है, जिसमें दाता का पता और संपर्क नंबर होता है। यह अभियान प्रदेश के स्कूल, कॉलेज, विभागों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से संचालित हो रहा है। इस बार लक्ष्य है 21 लाख सैनिकों तक यह संदेश पहुंचाना।
भाजपा सैन्य प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह राणा ने बताया कि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले से रक्षा सूत्र एकत्रित करके उसे रविवार को रवाना किया गया। दिल्ली में केंद्रीय मंत्री के द्वारा केंद्र सरकार के माध्यम से ये रक्षा सूत्र सेना के जवानों तक पहुंचेंगे। रविवार को भेजी गई राखियाँ सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, जगदलपुर, रायपुर जिलों से भी एकत्रित की गई हैं। राणा ने बताया कि वर्ष 2023 में 6.71 लाख "सिपाही रक्षासूत्र" एवं वर्ष 2024 में 9 लाख "सिपाही रक्षासूत्र" छत्तीसगढ़ से सेना मुख्यालय तक नि:शुल्क पहुँचाने का कीर्तिमान रचा गया है। पूर्व सैनिक संगठन "सिपाही" के तत्वावधान में "तिरंगा सिपाही और मेरा देश" हर वर्ष 26 जुलाई (कारगिल विजय दिवस) से 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) तक विजय पखवाड़े के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष भी "ऑपरेशन सिंदूर" के शौर्य पर देशवाशियों का सम्मान व प्रेम "ऑपरेशन सिपाही रक्षासूत्र" के माध्यम से पहुँचने जा रहा है। कार्यक्रम में हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ,सीमा साहू, विभा अवस्थी, मिनी पाण्डेय, अनूप खेलकर समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

