गौरव का क्षण : राष्ट्रपति शिक्षक पुरस्कार 2025 में छत्तीसगढ़ की गूंज
दुर्ग की डॉ. प्रज्ञा सिंह और कोरबा के संतोष चौरसिया हुए चयनित
रायपुर। छत्तीसगढ़ के दो शिक्षक राष्ट्रीय स्तर पर चमके हैं। राष्ट्रपति शिक्षक पुरस्कार 2025 के लिए दुर्ग की डॉ. प्रज्ञा सिंह और कोरबा के संतोष कुमार चौरसिया का चयन हुआ है।
डॉ. प्रज्ञा सिंह : गणित में अनूठे प्रयोग
दुर्ग जिले के हनोदा स्कूल में पदस्थ डॉ. प्रज्ञा सिंह का चयन चौथे प्रयास में हुआ है। 2008 से शिक्षक पद पर कार्यरत प्रज्ञा ने अपने स्कूल में मैथ्स क्लब बनाया और 500 से अधिक शिक्षण मॉडल स्वयं तैयार किए। उनके मार्गदर्शन में कई बच्चे राष्ट्रीय स्तर की छात्रवृत्ति परीक्षाओं में सफल हुए। वे कहती हैं – “यह सम्मान बच्चों के नवाचार और मेहनत का है।”
संतोष कुमार चौरसिया : खेल-खेल में विज्ञान
कोरबा जिले के पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय सलोरा में पदस्थ संतोष चौरसिया का यह तीसरा प्रयास था। उन्होंने ‘खेल-खेल में विज्ञान’ की अनूठी विधि से बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि जगाई। आटे की गोलियों से रसायन विज्ञान और लुडो से मूलभूत सिद्धांत सिखाना उनके विशेष प्रयोग हैं। वे नवोदय विद्यालय समिति के रिसोर्स पर्सन भी हैं और देशभर में विज्ञान शिक्षकों को प्रशिक्षित करते हैं।
राज्य के लिए गौरव का क्षण
दोनों शिक्षकों का चयन छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि साबित करती है कि समर्पण और नवाचार से शिक्षा जगत में नई क्रांति लाई जा सकती है।

