अटल जी के सपनों के अनुरूप छत्तीसगढ़ का विकास हो रहा : पवन साय
भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को दी गई श्रद्धांजलि
रायपुर। भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की उपस्थिति में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नेताओं ने अटल जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ को राज्य का दर्जा देकर यहां के विकास की नींव रखी थी। उनके द्वारा संजोए गए सपनों को पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने धरातल पर उतारा और अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि अटल जी ने आधुनिक भारत की नींव रखी और देश को सुशासन, इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्रामीण विकास का मॉडल दिया। उनकी सरकार द्वारा चलाए गए अंत्योदय कार्यक्रम उनकी दूरदर्शिता को दर्शाते हैं। पवन साय ने बताया कि अटल जी का छह दशक से अधिक का सार्वजनिक जीवन पूरी तरह निष्कलंक रहा और उन्होंने भारतीय राजनीति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
अटल जी को भारतीय राजनीति का "अजातशत्रु" बताते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पहचान हमेशा एक सर्वमान्य चेहरे के रूप में रही। स्वतंत्र भारत में उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सान्निध्य में सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी। उन्हें दस बार लोकसभा और दो बार राज्यसभा का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला।
पवन साय ने कहा कि आज अटल जी हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी स्मृतियां, कविताएं और राजनीतिक मूल्यों के सिद्धांत हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे।
इस अवसर पर विधायक भूलन सिंह मरावी, राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन और नवीन मार्कण्डेय, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य किशोर सोनी, राकेश यादव, राजा दीवान, शाहिद खान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

