मंत्री कश्यप के निवास का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका
नाराज कार्यकर्ताओं ने पुलिस के सामने की जमकर नारेबाजी
रायपुर, 8 सितंबर, मंत्री केदार कश्यप द्वारा चतुर्थ वर्ग कर्मचारी के साथ किए गए दुर्व्यवहार के विरोध में शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटी ने उनके बंगले का घेराव करने का प्रयास किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक लिया। इस दौरान पुलिस के साथ धक्कामुक्की भी हुई। फिर भी पुलिस के सामने मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की।
गांधी मैदान स्थित कांग्रेस भवन से सैकड़ों कार्यकर्ता बाइक रैली के रूप में मंत्री बंगले की ओर रवाना हुए। पुलिस ने उन्हें मोती बाग चौक के पास रोक लिया, जिसके चलते पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की स्थिति बनी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा मंत्री केदार कश्यप द्वारा कर्मचारी के साथ किया गया दुर्व्यवहार लोकतंत्र के अपमान का प्रतीक है। जनता और कर्मचारियों का अपमान करने वाले मंत्री को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। हम उनके इस्तीफे की मांग पर अडिग हैं। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर जनता की आवाज़ बुलंद कर रहे हैं। यदि भाजपा सरकार मंत्री केदार कश्यप का बचाव करती है तो यह साफ है कि वह जनता के सम्मान के बजाय अपने मंत्री की कुर्सी की रक्षा में जुटी है। कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक इस्तीफा नहीं होता।

