विकास, पारदर्शिता और खेल प्रतिभा को नई उड़ान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में कई ऐतिहासिक निर्णय
विशेष संवाददाता
भास्कर दूत
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य के विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इनकी जानकारी देते हुए कहा कि ये फैसले आने वाले समय में न केवल छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देंगे, बल्कि आम जनता और युवाओं के लिए भी नए अवसर पैदा करेंगे।
खनिज संपदा से जनकल्याण को नई रफ्तार
मंत्रिपरिषद ने भारत सरकार के खान मंत्रालय के नए दिशा-निर्देश और ‘प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना (PMKKKY)-2024’ के तहत जिला खनिज संस्थान न्यास नियम-2015 में संशोधन को मंजूरी दी।
- अब 70% राशि का उपयोग पेयजल, पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला-बाल कल्याण, वृद्ध-निःशक्तजन के उत्थान और कौशल विकास जैसे प्राथमिक क्षेत्रों में होगा।
- यह निर्णय खनिज संपदा को सीधे जनकल्याण और विकास से जोड़ने का बड़ा कदम है।
रेत उत्खनन में पारदर्शिता और अवैध खनन पर नकेल
राज्य सरकार ने पारदर्शी व्यवस्था बनाने के लिए पुराने रेत नियमों को समाप्त कर ‘छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम-2025’ को मंजूरी दी।
- रेत खदानों का आवंटन ई-नीलामी के जरिए होगा।
- अवैध उत्खनन और परिवहन पर सख्त रोक लगेगी।
- जनता को उचित दरों पर रेत उपलब्ध होगी और राजस्व में वृद्धि होगी।
- पर्यावरण और सुरक्षा मानकों का भी कड़ाई से पालन होगा।
कृषि भूमि के मूल्यांकन में सुधार, पारदर्शिता बढ़ेगी
मंत्रिपरिषद ने कृषि भूमि और निवेश क्षेत्र से जुड़ी बाजार मूल्य दरों के नए प्रावधानों को मंजूरी दी।
- अब ग्रामीण कृषि भूमि का मूल्य हेक्टेयर दर से तय होगा।
- सिंचित भूमि के ढाई गुना मूल्यांकन और छोटे भू-खंड की अलग दर की व्यवस्था हटाई गई।
- भारतमाला परियोजना और अरपा-भैंसाझार जैसी अनियमितताओं से बचाव होगा।
- निवेश क्षेत्र और शहरी सीमा से लगे गांवों के लिए वर्गमीटर दरें लागू होंगी।
नवा रायपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी को हरी झंडी
राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) को नवा रायपुर, सेक्टर-3, ग्राम परसदा में 7.96 एकड़ भूमि आवंटित की है।
- यहाँ अत्याधुनिक क्रिकेट अकादमी बनेगी।
- राज्य के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी।
- यह पहल छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगी।
विकास और पारदर्शिता का मजबूत संदेश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कैबिनेट के ये निर्णय छत्तीसगढ़ को पारदर्शिता, जनकल्याण और खेल प्रतिभा के नए युग की ओर ले जाते हैं। रेत खनन में सुधार, खनिज संपदा का जनहित में उपयोग, भूमि मूल्यांकन में स्पष्टता और क्रिकेट अकादमी की स्थापना- ये कदम आने वाले वर्षों में राज्य की छवि और विकास दर दोनों को नई ऊंचाई देंगे।
- अरुण साव, उपमुख्यमंत्री छत्तीसगढ़

