आपदा : दुश्मनी से ऊपर इंसानियत , संकट की घड़ी में भारत ने निभाया पड़ोसी धर्म 

Aug 25, 2025 - 16:53
 0
आपदा : दुश्मनी से ऊपर इंसानियत , संकट की घड़ी में भारत ने निभाया पड़ोसी धर्म 
यह समाचार सुनें
0:00
Powered by Aeternik

भारत की चेतावनी से बची कई जानें  

पहलगाम हमले के बाद पहली बार भारत ने पाक से किया संपर्क 
भारत की समय पर दी चेतावनी के बाद पाकिस्तान में जारी हुआ अलर्ट

नई दिल्ली।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ बढ़े तनाव की वजह से सरकार ने सिंधु जल संधि को निलंबित करने का आदेश दे दिया था। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत ने पाकिस्तान से संपर्क किया है।
यह संपर्क भी बाढ़ के खतरे से पाकिस्तान का आगाह करने के लिए किया गया है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग ने पाकिस्तान को बताया है कि जम्मू में तवी नदी में भयंकर बाढ़ आने की आशंका है। इसका असर पाकिस्तान में भी बड़े स्तर पर हो सकता है। भारत की चेतावनी के बाद पाकिस्तानी प्रशासन ने भी अलर्ट जारी कर दिया है।


बाढ़ से जूझ रहा पाकिस्तान, चली गई सैकड़ों की जान

मूसलाधार बारिश और नदियों का जल स्तर बढ़ने की वजह से पाकिस्तान पहले से ही बाढ़ से जूझ रहा है। पंजाब प्रांत में मूसलाधार बारिश और आगामी 48 घंटों तक इसके जारी रहने से नदियों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए बाढ़ प्रभावित जिलों से पिछले 24 घंटों में लगभग 20,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

पंजाब आपातकालीन बचाव सेवा 1122 के प्रवक्ता फारूक अहमद ने एक बयान में बताया, 'कसूर, ओकारा, पाकपट्टन, बहावलनगर और वेहारी के कई गांवों के जलमग्न होने की वजह से वहां से लोगों को हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।' उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों से शनिवार से अब तक लगभग 20,000 लोगों को निकाला गया है, वे सिंधु, चिनाब, रावी, सतलुज और झेलम नदियों के निकट हैं।

अहमद ने कहा, 'सतलुज और रावी नदी के किनारे बसी आबादी को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम पूरा हो गया है।' प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) ने कहा कि 27 अगस्त तक मानसून के सक्रिय रहने के पूर्वानुमान की वजह से कई जिलों में आपातकालीन अभियान चलाए जा रहे हैं। पीडीएमए के मुताबिक गंडासिंह वाला में सतलुज नदी खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गई है। उसने चेतावनी दी, 'गंडासिंह वाला में स्थिति गंभीर है और अगले 48 घंटों तक ऐसे ही बने रहने की आशंका है।

Bhaskardoot Digital Desk www.bhaskardoot.com