भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर किया तंज, कहा – "वोट चोरी पर बात करना हास्यास्पद"
रायपुर @ छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हालिया बयान पर पलटवार करते हुए तीखा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि वोट की चोरी पर राहुल गांधी का बोलना ही हास्यास्पद है, क्योंकि आज़ादी के बाद से कांग्रेस ने ही ऐसे काम किए हैं।
किरण सिंह देव का बयान
"केवल वे (राहुल गांधी) ही इस तरह की बातें कर सकते हैं। वोटों की चोरी कब होती है, कैसे होती है – इसका सबसे बड़ा अनुभव उन्हीं के पास है, क्योंकि इतने वर्षों तक सत्ता में रहकर कांग्रेस ने यही किया है। वे जब भी कुछ बोलते हैं तो हास्यप्रद ही बोलते हैं।" किरण सिंह देव का यह बयान राहुल गांधी के उस आरोप के जवाब में आया है जिसमें उन्होंने भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने और चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि देश की जनता अब कांग्रेस की बातों में नहीं आने वाली है। "कांग्रेस की विश्वसनीयता खत्म हो चुकी है। जनता ने उन्हें कई बार नकारा है, फिर भी वे तथ्यहीन और भ्रामक बयान देने से बाज नहीं आते।"
राजनीतिक गर्मी बढ़ी
राहुल गांधी और भाजपा के बीच जुबानी जंग और तीखी होती जा रही है। जहां राहुल गांधी बार-बार भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाते हैं, वहीं भाजपा नेता उन्हें "विकट हास्य कलाकार" कहकर जवाब दे रहे हैं।

