नशे में स्कूल पहुंची हेडमास्टर, कलेक्टर ने किया निलंबित

Sep 22, 2025 - 20:21
 0
नशे में स्कूल पहुंची हेडमास्टर, कलेक्टर ने किया निलंबित
यह समाचार सुनें
0:00
Powered by Aeternik

रायपुर, शासकीय प्राथमिक शाला लेवई, विकासखंड बलौदा में पदस्थ प्रधान पाठक हीरा पोर्ते बीते दिनों शराब के नशे में विद्यालय पहुंची। इस गंभीर मामले का पता चलने के बाद कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तुरंत जांच के निर्देश दिए। उनके आदेश पर एसडीएम अकलतरा, जिला शिक्षा अधिकारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों, छात्रों और ग्रामीण जनप्रतिनिधियों से जानकारी प्राप्त की गई। जांच में यह पुष्टि हुई कि 19 सितंबर को हीरा पोर्ते नशे की हालत में विद्यालय में उपस्थित थीं। जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया।
उनके इस कृत्य को सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन माना गया। इसके आधार पर उन्हें सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन की अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बलौदा निर्धारित किया गया है। कलेक्टर महोबे ने शिक्षा व्यवस्था में इस तरह की लापरवाही को गंभीर मानते हुए निर्देश दिए हैं कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी बलौदा और बीआरसी बलौदा को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे आदतन शिक्षकों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शिक्षा व्यवस्था की मर्यादा और विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर किसी भी तरह की सहनशीलता नहीं बरती जाएगी। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई से यह संदेश जाएगा कि स्कूलों और शिक्षा संस्थानों में अनुशासन और नैतिकता बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है।

Bhaskardoot Digital Desk www.bhaskardoot.com