मोर तिरंगा मोर अभिमान: ऑपरेशन सिंदूर की भावना से जुड़ेगा भाजपा का बड़ा अभियान
छत्तीसगढ़ में 60 लाख घरों में फहराया जाएगा तिरंगा, बच्चों को बनाया जाएगा देशभक्ति का दूत
रायपुर @ छत्तीसगढ़ में इस बार स्वतंत्रता दिवस पर भारतीय जनता पार्टी कुछ अलग और बड़ी योजना के साथ उतर रही है। "मोर तिरंगा मोर अभिमान" नाम से एक महाअभियान की शुरुआत की जा रही है, जिसमें ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को जनभावना से जोड़ा जाएगा। इस बार पार्टी का लक्ष्य है—प्रदेश के 60 लाख घरों में तिरंगा फहराना।
भाजपा का तिरंगा मिशन शुरू, हर सदस्य निभाएगा जिम्मेदारी
रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित अहम बैठक में इस तिरंगा अभियान की रणनीति और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव सहित कई पदाधिकारी शामिल हुए। अभियान संयोजक नीलू शर्मा ने बताया कि इस बार का अभियान विशेष रूप से बच्चों के हाथों तिरंगा फहरवाकर उन्हें कम उम्र से ही देशभक्ति से जोड़ने की दिशा में काम करेगा। पिछले वर्ष 24 लाख घरों तक तिरंगा पहुंचाया गया था, लेकिन इस बार पार्टी के 60 लाख से ज्यादा सक्रिय सदस्य हैं, जो कम से कम एक घर में तिरंगा पहुंचाएंगे।
ऑपरेशन सिंदूर से प्रेरित, तिरंगे को समर्पण
इस बार का अभियान हाल ही में देश के नाम पर सफल हुए ऑपरेशन सिंदूर से प्रेरित बताया जा रहा है। इस ऑपरेशन के जरिए देशवासियों के भीतर उमड़ी देशभक्ति की लहर को अब झंडा अभियान से जोड़ने की तैयारी है।
14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका दिवस
भाजपा ने यह भी निर्णय लिया है कि 14 अगस्त को प्रदेशभर में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इस दिन विभाजन के दौरान हुए अत्याचारों, पीड़ाओं और बलिदानों को याद किया जाएगा और नई पीढ़ी को इससे जोड़ा जाएगा। अभियान की शुरुआत हो चुकी है और स्वतंत्रता दिवस तक यह पूरे जोर पर रहेगा। पार्टी इसे जनआंदोलन की तरह खड़ा करने की तैयारी में है, जिससे न सिर्फ तिरंगे का सम्मान बढ़ेगा बल्कि हर घर तक राष्ट्रभक्ति का संदेश भी पहुंचेगा।

