पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना बलात्कार केस में दोषी, अदालत में छलके आंसू

Aug 1, 2025 - 16:19
 0
पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना बलात्कार केस में दोषी, अदालत में छलके आंसू
यह समाचार सुनें
0:00
Powered by Aeternik

पूर्व पीएम देवगौड़ा के पोते पर गिरी कानून की गाज, आज सुनाई जाएगी सजा

बेंगलुरु। बेंगलुरु की जनप्रतिनिधियों की विशेष अदालत ने शुक्रवार को एक ऐसा फैसला सुनाया जिसने कर्नाटक की राजनीति को हिला कर रख दिया। JDS से निकाले गए पूर्व हासन सांसद प्रज्वल रेवन्ना को घरेलू कामगार से दुष्कर्म के मामले में दोषी करार दिया गया। जैसे ही अदालत ने फैसला सुनाया, कभी सत्ता के गलियारों में शान से चलने वाले रेवन्ना कोर्ट में ही फूट-फूटकर रो पड़े।
रेवन्ना, जो पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा के पोते और पूर्व मुख्यमंत्री एच. डी. कुमारस्वामी के भतीजे हैं, उन पर यौन हिंसा और बलात्कार के चार अलग-अलग मामले दर्ज हैं। इनमें से पहला मामला अप्रैल 2024 में हासन के होलेनरसीपुरा पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ था। यह फैसला सिर्फ 14 महीने के भीतर आना देश की राजनीतिक और न्यायिक दोनों दुनिया के लिए एक अहम संदेश माना जा रहा है।

अश्लील वीडियो और डिजिटल सबूत
इस पूरे मामले में एक कथित अश्लील वीडियो ने भी हड़कंप मचाया। अदालत ने SIT से यह तकनीकी स्पष्टीकरण मांगा कि यह वीडियो रेवन्ना के मोबाइल से उनके ड्राइवर के मोबाइल तक कैसे पहुँचा। फॉरेंसिक जांच और डिजिटल लॉग्स ने आखिरकार सारे राज़ खोल दिए और अदालत ने इसे सबूत के तौर पर स्वीकार किया।

परिवार पर भी कानूनी शिकंजा
सिर्फ प्रज्वल ही नहीं, उनके पिता और विधायक एच. डी. रेवन्ना पर भी सबूतों से छेड़छाड़ और धमकी जैसे गंभीर आरोप हैं। इस मामले में कानूनी कार्रवाई का दायरा अब पूरे परिवार तक फैलता दिखाई दे रहा है।
अब 2 अगस्त को सजा का ऐलान होगा, और सियासी गलियारों में यह सवाल गूंज रहा है कि क्या यह फैसला कर्नाटक की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत साबित होगा।

Bhaskardoot Digital Desk www.bhaskardoot.com