झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का 81 वर्ष की उम्र में निधन

Aug 4, 2025 - 12:23
Aug 4, 2025 - 15:03
 0
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का 81 वर्ष की उम्र में निधन
यह समाचार सुनें
0:00
Powered by Aeternik

बेटे हेमंत सोरेन बोले- “आज मैं शून्य हो गया”

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन का 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने सोमवार, 4 अगस्त को दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और 19 जून से अस्पताल में भर्ती थे।

उनके बेटे और वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर भावुक पोस्ट लिखते हुए कहा—
“आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं। आज मैं शून्य हो गया हूं।”

लंबी बीमारी और उम्र से जुड़ी समस्याएँ
शिबू सोरेन पिछले कुछ वर्षों से उम्र संबंधी कई बीमारियों से जूझ रहे थे। उन्हें किडनी की बीमारी (रीनल प्रॉब्लम) भी थी। हाल के दिनों में वे व्हीलचेयर पर दिखाई देते थे। झामुमो के राष्ट्रीय अधिवेशन में भी वे व्हीलचेयर पर ही शामिल हुए थे।

राजनीति में योगदान और मार्गदर्शन
शिबू सोरेन कई बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे और उन्होंने झामुमो को खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 2020 में राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद से वे सक्रिय राजनीति से कुछ दूरी पर रहे, लेकिन लगातार पार्टी का मार्गदर्शन करते रहे।

नेताओं की श्रद्धांजलि
झारखंड के गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने शोक जताते हुए कहा—
“मैं जिस क्षेत्र से सांसद हूं, वह गुरुजी का ही क्षेत्र है। उनका व्यक्तित्व बहुत बड़ा था। उनके विचार और व्यवहार से कभी किसी को परेशानी नहीं हुई। उनके साथ सांसद रहते हुए कई साल काम करने का अवसर मिला। उन्होंने हमेशा हमारा मार्गदर्शन किया।”

Bhaskardoot Digital Desk www.bhaskardoot.com