हड़ताल खत्म करने पर बनी सहमति, स्वास्थ्य मंत्री बोले : अब काम पर नहीं लौटे NHM कर्मचारी तो होगी नई भर्ती.
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि NHM कर्मचारियों की हड़ताल खत्म करने पर सहमति बन गई है। काम पर नहीं लौटने पर नई भर्ती की चेतावनी दी गई है। जानें बैठक में क्या फैसले लिए गए।
रायपुर : छत्तीसगढ़ में पिछले एक महीने से जारी NHM (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) कर्मचारियों की हड़ताल पर अब सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि कर्मचारियों से बातचीत के बाद हड़ताल खत्म करने पर सहमति बन चुकी है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों को तुरंत काम पर लौटना चाहिए, अन्यथा सरकार नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू करेगी।
मंत्री जायसवाल ने बताया कि सरकार ने कर्मचारियों की चार प्रमुख मांगों को मान लिया है, जबकि तीन अन्य मांगों पर कमेटी बनाई गई है। शेष तीन मांगों पर उच्च स्तरीय चर्चा की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया था, उनकी बहाली पर भी विचार किया जा रहा है। इसके साथ ही, जिन कर्मचारियों को एक महीने का नोटिस मिला है, यदि वे अब काम पर लौटते हैं तो उनका नोटिस रद्द कर दिया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने चिंता जताते हुए कहा कि 18 अगस्त से चल रही हड़ताल के कारण प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को हल करने के लिए NHM संगठन के प्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और हेल्थ मिशन डायरेक्टर के साथ कई दौर की बातचीत हुई, जिनमें सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

